New Pamban Bridge: तमिलनाडु राज्य में रेलवे का नया पम्बन ब्रिज एक इंजीनियरिंग चमत्कार ही है| यह डुअल-ट्रैक अत्याधुनिक पुल देश का पहला वर्टिकल लिफ्ट रेलवे सी ब्रिज बनने के लिए तैयार है| पहले ही रेल फैंस के बीच पम्बन ब्रिज एक आकर्षण का केंद्र रहा है| लेकिन अब बनाया जा रहा 2.07 किलोमीटर लंबा नया पम्बन पुल, रेल फैंस के साथ उन भक्तों और तीर्थयात्रियों के लिए एक वरदान होगा जो रामेश्वरम और धनुषकोडी, तमिलनाडु की आध्यात्मिक यात्रा पर जाना चाहते हैं| आइये जानते हैं नए पम्बन ब्रिज (New Pamban Bridge) से जुड़ी कुछ जानकारी:
पुराना पम्बन ब्रिज (Old Pamban Bridge)
ब्रिटिश शासन में बने पंबन ब्रिज ने पिछले सौ साल से अधिक समय से पंबन द्वीप को मुख्य भूमि भारत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है| पम्बन रेल पुल को 24 फरवरी 1914 में रेलवे के लिए खोला गया था| 1988 तक, पंबन पुल, तमिलनाडु के रामेश्वरम द्वीप को मुख्य भूमि से जोड़ने वाला एकमात्र सतह परिवहन था, जब इसके साथ एक सड़क पुल बनकर तैयार हुआ| पंबन रेल ब्रिज भारत का पहला समुद्री पुल था, और वर्ष 2010 में बांद्रा-वर्ली सी लिंक के उद्घाटन तक भारत का सबसे लंबा समुद्री पुल भी था|
5 दिसंबर 2018 को पम्बन रेल पुल में दरार आने के कारण पुल को बंद कर दिया गया था और रखरखाव के बाद पुल पर रेल की आवाजाही 10 मार्च 2019 तक बहाल हो पाई| तब भारतीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने घोषणा की कि 250 करोड़ रुपये की लागत से पुराने पम्बन पुल के पास एक नया रेलवे पुल बनाया जाएगा|
नया पम्बन ब्रिज (New Pamban Rail Bridge)
रेलवे विकास निगम लिमिटेड द्वारा पुराने रेलवे पुल के समानांतर नए पम्बन ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है| यह भारत का पहला वर्टीकल लिफ्ट रेलवे समुद्री पुल होगा, जो रेल यातायात के साथ समुंद्री जहाज को पार कराने के लिए ऊपर उठ सकेगा| पुल पर निर्माण 9 नवंबर, 2019 को शुरू हुआ था| यह डुअल ट्रैक अत्याधुनिक पुल जल्द ही तैयार होने वाला है और इसमें तेज और भारी ट्रेनें चल सकेंगी| निर्माण पूरा होने पर, भारतीय रेलवे का नया पंबन पुल, 20 मीटर के 100 स्पैन के साथ-साथ 72 मीटर के एक नेविगेशनल स्पैन के साथ 2 किलोमीटर से अधिक लंबा होगा| इसके नेविगेशनल स्पैन के जरिये जहाजों या स्टीमर की आवाजाही को सक्षम किया जा सकेगा|
पुराने पुल में, जहाजों की आवाजाही को सक्षम करने के लिए शेर्ज़र स्पैन को मैन्युअल रूप से संचालित किया जाता है| जबकि आने वाला नया पम्बन पुल एक इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कंट्रोल्ड सिस्टम से लैस होगा| नया पुल लगभग 2.07 किमी लंबा (New Pamban Bridge Length) और मौजूदा पुल से 3 मीटर ऊंचा होगा| वर्तमान में लिफ्ट स्पैन मैकेनिज्म पूरा होने के साथ, दक्षिण रेलवे ने 04 अगस्त 2024 की शाम को नए पंबन रेलवे समुद्री पुल पर सफलतापूर्वक ट्रायल रन किया| पुल के आर-पार रामेश्वरम स्टेशन तक एक ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) टॉवर कार संचालित की गई थी|
कई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रेलवे अधिकारी सितंबर से पहले पुल को तैयार करने के लिए शेष काम में तेजी ला रहे हैं, 1 अक्टूबर से रामेश्वरम के लिए ट्रेन सेवाओं को फिर से शुरू करने की योजना है|
तमिलनाडु में आगामी न्यू पंबन ब्रिज से इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, विशेष रूप से तीर्थयात्रा उद्देश्यों के लिए क्योंकि हर साल, बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामेश्वरम मंदिर और ज्योतिर्लिंग की यात्रा करने के लिए आते हैं|
0 Comments